Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

मतदाता सूची में नाम जोड़ने को 17 और 24 अक्तूबर को विशेष शिविर



हर बूथ पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे बूथ लेवल अधिकारी

बलिया। मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे लोगों, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर 17 और 24 अक्तूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर आयोजित शिविर में बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे। शिविर में मतदाताओं के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली और उसके बाद की सभी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी।

जिले के 357-बेल्थरा रोड (अजा.), 358-रसड़ा, 359-सिकंदरपुर, 360-फेफना, 361-बलिया नगर, 362-बांसडीह और 363-बैरिया विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ पर यह विशेष शिविर लगाया जाएगा।

जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि शिविर की निर्धारित तिथियों पर अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना या परिवार के छूटे हुए सदस्यों का नाम दर्ज कराएं। इसके लिए अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध होने पर उसकी संख्या भी साथ लाने की अपील की गई है।



रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी

No comments