मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के प्रचार के लिए न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया प्रचार वाहन
बलिया। जनसामान्य को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को प्रचार वाहन रवाना किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस शिविर के प्रचार वाहन को माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार झा ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर के महत्व, उपयोगिता, पारदर्शिता एवं अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (पूर्णकालिक) श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने किया। प्रचार वाहन दीवानी न्यायालय परिसर, बलिया से रवाना होकर जनपद की समस्त तहसीलों एवं विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। इस दौरान आमजन को शिविर के आयोजन, उसमें मिलने वाली सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा। इन योजनाओं का मिलेगा लाभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित यह शिविर 1 नवंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे गंगा बहुउद्देशीय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, बलिया में आयोजित होगा। इसमें निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन व्यक्ति, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों को विशेष रूप से लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा। शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों से संबंधित योजनाओं तथा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं सहित अन्य विभागों की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, समस्त अपर जनपद न्यायाधीश, न्यायिक मजिस्ट्रेट, अधिवक्तागण, न्यायालय के कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, पैरालीगल वॉलंटियर्स, वादकारीगण एवं लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी


No comments