गड़वार पुलिस ने एक तस्कर को किया गिरफ्तार,आठ गोवंश और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद
गड़वार(बलिया) स्थानीय थाना क्षेत्र की पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गो-तस्कर को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिकअप वाहन और उस पर लादे गए 8 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना गड़वार पुलिस के उप-निरीक्षक अब्दुल हफीज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गड़वार नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन (संख्या: UP. 54 T-2502) को घेरकर रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक लादे गए सात बछड़े और एक बछिया (कुल 08 राशि गोवंश) बरामद हुए। पुलिस ने मौके से ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रसड़ा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी सवन कुमार उर्फ कल्लू के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष गड़वार हितेश कुमार ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध थाने में मु.अ.सं.- 267/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया।पुलिस टीम में उप निरीक्षक अब्दूल हफीज,कांस्टेबल जितेन्द्र चौरसिया व कांस्टेबल अमरजीत चौधरी शामिल रहे।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments