Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के साथ हुआ तुलसी विवाह



गड़वार(बलिया)देवोत्थान एकादशी पर शनिवार को कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने उत्तिष्ठ गोविंद त्यज निद्रां जगत्पतये मंत्र का जाप कर भगवान विष्णु से योग निद्रा त्यागने की प्रार्थना की। शाम को घर-घर तुलसी पूजन के साथ तुलसी-शालि ग्राम विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी से चार माह की योग निद्रा में गए भगवान विष्णु कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। आचार्य राकेश पाण्डेय ने बताया कि देवोत्थान एकादशी से चातुर्मास समाप्त हो जाता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। पर्व पर श्रद्धालुओं ने घरों में भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाए और रंगोली व चौक सजाकर पूजा की। महिलाओं ने व्रत रखकर तुलसी के पौधे का श्रृंगार किया। गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज से कराया गया। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। क्षेत्र के त्रिकालपुर, हरिपुर,बभनौली, दामोदरपुर,जनऊपुर समेत कई गांवों में आयोजन हुए। वहीं,पर्व के चलते बाजारों में गन्ने और सिंघाड़े की मांग बढ़ गई। सामान्य दिनों में 25

से 30 रुपए बिकने वाला सिंघाड़ा शनिवार को 50 रुपए किलो तक पहुंच गया। गन्ने की कीमतों में भी तेजी रही। लोगों ने गन्ने और सिंघाड़े का पूजन कर पर्व की परंपराएं निभाई। मान्यता है कि देवोत्थान एकादशी से सर्दी की शुरूआत भी मानी जाती है।



रिपोर्ट डी पांडेय


 

No comments