सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूत करना हम सभी का दायित्व : डॉ. राहुल राज
छपरा। सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। धर्म और आध्यात्मिकता समाज को नैतिक मूल्यों, सेवा, त्याग और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। ये बातें सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. राहुल राज ने छपरा स्थित सत्यनारायण मंदिर में आयोजित सत्य संकल्प चातुर्मास व्रत-2026 के तहत विराट महायज्ञ एवं धर्म सम्मेलन में कहीं।
कार्यक्रम में डॉ. राहुल राज ने दीप प्रज्वलित कर धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया। इसके बाद जगतगुरु स्वामी मधुसूदन आचार्य के सानिध्य में उपस्थित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति भाव से वातावरण आध्यात्मिक रंग में सराबोर रहा।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था का आधार नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों की अमूल्य धरोहर है। संत-महात्माओं का सानिध्य और उनका मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिकता, अनुशासन और सेवा भाव का संचार करता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और जीवन के उच्च आदर्शों से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं। आज भौतिक प्रगति के साथ आध्यात्मिक चेतना, मानवीय संवेदना और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना भी जरूरी है।
विधान पार्षद ने कहा कि धर्म हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, सेवा, त्याग और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाता है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक विचारों का प्रसार होता है और लोगों को सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने आयोजन के लिए आयोजकों एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं का संरक्षण, संवर्धन और उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। संतों के विचारों और उनके बताए मार्ग को जीवन में आत्मसात करना ही आध्यात्मिक आयोजनों की वास्तविक सार्थकता है।
रिपोर्ट, त्र्यंबक पांडेय गांधी


No comments