राज्यपाल से मिले डॉ. राहुल राज, वित्तानुदानित शिक्षाकर्मियों के नियमित वेतन का उठाया मुद्दा
मुख्यमंत्री की घोषणा लागू करने और लंबित अनुदान भुगतान का किया आग्रह
सारण। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. राहुल राज ने बिहार के राज्यपाल से मुलाकात कर वित्तानुदानित माध्यमिक, इंटरमीडिएट और डिग्री महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं को उठाया। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर कर्मियों के लिए नियमित मासिक वेतन की व्यवस्था लागू करने और वर्षों से लंबित अनुदान भुगतान का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
डॉ. राहुल राज ने राज्यपाल को बताया कि प्रदेश के करीब 45 से 50 हजार शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी वर्षों से परीक्षाफल आधारित अनुदान व्यवस्था के तहत कार्य कर रहे हैं। नियमित वेतन, पेंशन, चिकित्सा सुविधा और सामाजिक सुरक्षा के अभाव में उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए शिक्षा विभाग ने 30 सितंबर 2025 को ज्ञापांक 2829 के माध्यम से मुख्य सचिव की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की थी। समिति को वेतन भुगतान से जुड़े पहलुओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लेने थे, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
डॉ. राहुल राज ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं का हवाला देते हुए कहा कि शिक्षक दिवस, 5 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में वित्तानुदानित कर्मियों के लिए नियमित मासिक वेतन की व्यवस्था करने की घोषणा की गई थी। 20 सितंबर को शिक्षक संवाद कार्यक्रम में भी इस प्रतिबद्धता को दोहराया गया। अब इस घोषणा को शीघ्र लागू करने की जरूरत है।
उन्होंने संस्थानों के पास उपलब्ध भूमि, भवन और आधारभूत संरचनाओं का समुचित उपयोग करते हुए अधिग्रहण अथवा अन्य स्थायी समाधान पर विचार करने का आग्रह किया। राज्यपाल ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि वित्तानुदानित शिक्षाकर्मियों का मुद्दा केवल वेतन का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा है। शिक्षकों के अधिकार और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
रिपोर्ट त्रयंबक पांडेय गांधी


No comments