ट्रक से टक्कर के बाद बस में लगी आग, 20 लोगों की मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां के जीटी रोड हाइवे पर डबल डेकर बस और ट्रक में टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 21 लोग घायल हैं। कन्नौज के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं इस दुर्घटना में घायल हुए तकरीबन 21 लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस पूरी तरह जल चुकी है। 21 घायलों में से 13 को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में रेफर किया गया है।
कानपुर रेंज आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि बस में 45 लोग सवार थे। बचाव दल ने 25 लोगों को बाहर निकाल लिया था। जिसमें से 12 लोगों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज और 11 को जिला अस्पताल में भेजा गया। 2 लोग पूरी तरह सुरक्षित थे। 18-20 लोग अभी लापता है। आईजी ने बताया कि बस में 8-10 लोगों की बॉडी मिली है जो कि पूरी तरह जल चुकी है। नुकसान बहुत ज्यादा हुआ है। डीएनए टेस्ट के बाद ही मरने वालों का सही आंकड़ा मिल पाएगा।
कन्नौज डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि हादसे के बाद बस पूरी तरह जल गई। बस में कितने लोग फंगे रह गए थे यह कह पाना अभी मुश्किल होगा। सवारियों की लिस्ट देखकर ही साफ हो पाएगा कि हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्दनाक घटना पर शोक व्यक्त किया है। जिले के डीएम और पुलिस अधीक्षक को तत्काल राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। योगी नेमृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मृतक के परिवारों को 2 लाख की और घायलों को 50 हजार सहायता राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री को दुर्घटना स्थल पर जाने की निर्देश दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियाें ने बताया कि आग लगते ही गेट और खिड़कियों के रास्ते लाेग बाहर कूदे। लेकिन देखते ही देखते लपटें विकराल हाे गईं। बस में सोए हुए यात्री बाहर नहीं निकल सके। बस यूपी के फर्रूखाबाद से राजस्थान के जयपुर जा रही थी। रात करीब 8 बजे छिबरामऊ इलाके में यह हादसा हुआ।
डेस्क



No comments