'मंगल' को नमन कर महामहिम ने रवाना की 'गंगा यात्रा'
—बोली, बलिया वीरों व क्रांतिकारियों की धरती
— अब साकार होगा स्वच्छ व निर्मल गंगा का सपना
रामगढ़,बलिया । गोपालपुर स्थित गंगा नदी के किनारे गंगा यात्रा कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल बागी धरती और आजादी के प्रथम महानायक अमर शहीद मंगल पाण्डेय को नमन करते हुए कहा कि बलिया ऐसी धरती है, जहाँ सबसे ज्यादा क्रांतिकारी व तपस्वी पैदा हुए। कहा कि यूपी में नदियां ही नदियां है,इनको को बचाना होगा। प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नदियां प्रदूषित हो रही है। आज तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और न इसे रोका। यही कारण है कि नदियों के किनारे बसे लोग वहीं पानी पीकर बीमार हो रहे है और जिससे गम्भीर बीमारियों के बाद असमय काल का शिकार हो रहे है।श्रीमती पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद नदियों को स्वच्छ करने का बीड़ा उठाया है। कहा कि आज ऑर्गेनिक खेती की सख्त जरूरत है। गंगा के किनारे आर्गेनिक खेती का प्राविधान किया गया है। जिससे किसानों के साथ—साथ अर्थ व्यवस्था सुधरेगी। तभी बसुधैव कुटुम्बकम का सपना साकार होगा। कहा कि प्रधानमंत्री ने नमामि गंगे योजना शुरू किया। अब मुख्यमंत्री ने गंगा यात्रा शुरू कर उसे गति प्रदान कर रहे है। राज्यपाल ने कहा कि यह सिर्फ यात्रा नहीं बल्कि एक अभियान है,जिसके तहत प्रदूषित पानी को शुद्ध करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को पेड़ पौधे लगाने का प्रयास होगा। कहा कि इस योजना के तहत हर गांव में खेल मैदान, हर घर को शुद्ध पेयजल देने की व्यवस्था किया जाएगा। जनसभा में उपस्थित महिलाओं को सुझाव देते हुए कहा कि बच्चों को स्वस्थ रखियें। उन्होंने कहा कि बलिया से यात्रा का आगाज हुआ है,जो कानपुर में समाप्त होगी। इस बीच जो काम प्रधानों को दिया गया है,वह पूरा होना चाहिए।
कांग्रेस भले न मानें, हम तो मां मानते है: सुशील मोदी
रामगढ़। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा देश में किसी एक जिले में सबसे ज्यादा क्रन्तिकारियों को पैदा किया है तो वह बलिया है। गंगा मैया बिहार व यूपी दोनों को जोड़ती है। कहा कि गंगा केवल नदी नही है हमारी संस्कृति व सभ्यता का प्रतीक है। कहा कि गंगा किनारे 12 हजार हेक्टेयर में आर्गेनिक खेती किया जाएगा। कांग्रेस और वामपंथियों पर प्रहार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भले वामपंथियों व कांग्रेस ने गंगा को माँ के रूप में स्वीकार न किया हो, लेकिन हम माँ मानते है। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ने कहा कि निकलती तो गंगा मैया गंगोत्री से है, लेकिन वाराणसी में रहती है। विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि पहली बार राजा भगीरथ गंगा को लाये थे दूसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी जी ने गंगा को धरती पर निर्मल बनाने का बीड़ा उठाया है। प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने कहा गंगा की मुख्य धारा से लाखों लोगों का रोजगार चलता है।सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा कि हमारा कर्तव्य बनता है कि गंगा को निर्मल किया करें।
आरती के बाद नौका प्रतियोगिता को दिखाई हरी झंडी
रामगढ़। नमामि गंगा योजना के तहत गंगा यात्रा में मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल का हेलीकॉप्टर दुबेछपरा गंगा घाट पर 11 बजकर दो मिनट पर उतरा। वहां से कार द्वारा राज्यपाल ने दुबेछपरा गंगा घाट के गंगा चबूतरा पर माँ गंगा का पूजन अर्चन किया, जहाँ विद्वान आचार्य श्रीराम मिश्र (बुचुल पंडित) ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा करायी। पूजन के पश्चात घाट पर बने मंडप में हवन किया गया। तत्पश्चात मां गंगा की महाआरती दीपक कपूर के नेतृत्व में किया गया। इसके बाद 12 बजकर 05 मिनट पर नौका प्रतियोगिता के लिए खड़ी 40 नावों को राज्यपाल ने हरी झंडी दिखाकर गंगापुर घाट के लिए रवाना किया।
कटान पीड़ितों की उम्मीदों पर पानी फेर गयीं महामहिम
रामगढ़। राज्यपाल के आने से ग्राम सभा गोपालपुर व नौरंगा भुआल छपरा के लोग काफी आशान्वित थे कि मंच से राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल कटान से निजात दिलाने व बेघर कटान पीड़ितों के लिए कुछ राहतभरी घोषणा करेंगी। साथ ही दयाछपरा नौरंगा घाट पर बनने वाले पक्का पुल के सम्बंध में कुछ घोषणाएं करेंगी। लेकिन राज्यपाल ने इन मुदृदों पर बोलना मुनासिब नहीं समझा। जिससे कटान पीड़ितों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
गांवों में लगी प्रदर्शनी और शिविर
रामगढ़। गंगा यात्रा के दौरान गोपालपुर गांव में पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य केन्द्र कोटवां, उद्यान विभाग बलिया, विद्युत वितरण खण्ड बैरिया, कृषि विभाग बलिया, पंचायती राज्य विभाग के तहत पंचायत उद्योग हनुमानगंज, प्रधामनंत्री आवास व मनरेगा बेरुआरबारी, आजीविका क्लब मिशन मनियर ब्लाक स्वयं सहायता शहीद-ए-आजम भगत सिंह शिवपुर दियर, दिव्य महिला स्वयं सहायता समूह जमुआ दुबहर द्वारा शिविर व प्रदर्शनी लगायी गयी थी।
रथ यात्रा को राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी
रामगढ़। सभा समापन के दौरान ही मंच से महामहिम राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथ यात्रा में रथ पर प्रदेश के कृषि शिक्षा व कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही व बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को रवाना किया। गंगा यात्रा में नौका द्वारा केंद्रीय जल शक्ति व कौशल विकास मंत्री महेन्द्र नाथ पांण्डेय, पिछड़ा कल्याण मंत्री अनिल राजभर व आवास व शहरी विकास राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव को रवाना किया।
संस्कृतिक कार्यक्रम न होने से निराश हुए कलाकार
रामगढ़। महामहिम के आगमन के दिन मंच स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम लघु नाटिका व लोकगीत गायिका सुनीता पाठक का कार्यक्रम रखा गया था, लेकिन घना कोहरा के चलते देर से शुरू हुए कार्यक्रम व समयाभाव के कारण कोई भी संस्कृतिके कार्यक्रम नहीं हो सका। जिससे सांस्कृतिक कार्यक्रम के सदस्य मायूस दिखे।
छलका दर्द: बोले लोग, हमें बिहार में जोड़ दें
रामगढ़। महामहिम को गोपालपुर ग्राम पंचायत सहित दर्जनों ग्राम सभा के ग्रामीणों ने हस्ताक्षर युक्त पत्रक रिंग बंधा को पुनर्निर्माण व कटान के स्थायी समाधान के लिए बाढ़ विभाग द्वारा तैयार परियोजना को शासन से मंजूरी हेतु दिया गया। वहीं नौरंगा भुआल छपरा के ग्रामीणों ने दयाछपरा गंगा घाट पर पक्का पुल निर्माण के लिए पत्रक सौपा। ग्रामीणों ने पत्रक में मांग किया है कि या तो पक्का पुल का निर्माण दयाछपरा नौरंगा घाट पर हो नहीं तो हम लोगों को भी बिहार राज्य में ही जोड़ दिया जायें।
प्रतियोगिता में 12 नंबरी नौका अव्वल
रामगढ़। सोमवार 27 जनवरी के दिन गोपालपुर घाट पर गंगा यात्रा शुभारंभ के दौरान नौका प्रतियोगिता हुई, जिसमें 25 नौकाएं शामिल हुई। नौका प्रतियोगिता को महामहिम राज्यपाल ने गंगा पूजन और आरती के बाद हरी झंडी दिखाकर गोपालपुर घाट से रवाना किया जो गंगापुर ग्रामसभा के हुकुमछपरा घाट पर समाप्त हुई। प्रतियोगिता में 12 नम्बर की नौका को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। जिसे विनोद कुमार साहनी व प्रभु साहनी चला रहे थे। द्वितीय स्थान पर रही 14 नम्बर की नौका,जिस पर जयकिशन व लक्ष्मण सवार थे। तीसरे नम्बर पर महेश साहनी व सोनू साहनी की नौका रही।
लोगों ने उत्साह से किया यात्रा का स्वागत
बलिया। दूबेछपरा से निकली गंगा यात्रा का स्वागत जगह—जगह हुआ। लोगों व स्कूली बच्चों ने यात्रा के स्वागत में सड़क के दोनों तरफ मानव श्रृंखला बना कर गंगा यात्रा का स्वागत किया। इसके उपरांत माल्देपुर में केद्रीय कौशल विकास मंत्री महेन्द्र पाण्डेय, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश यादव व अन्य स्थानीय अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर सभा की। केंद्रीय मंत्री महेंद्र पाण्डेय ने गंगा की निर्मलता को बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को बताया। वहीं, कृषि मंत्री सूर्यप्र्ताप शाही व प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने सभा को सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक धनन्जय कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष भाजपा जयप्रकाश साहू, पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह समेत हजारों लोग मौजूद थे।
रिपोर्ट— रविंद्र नाथ मिश्र









No comments