Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

ठंड पर भारी पड़ी आस्था,हजारों ने लगाई गंगा में डुबकी



बलिया। मकर संक्रांति पर जिले के विभिन्न घाटों पर हजारों लोगों ने गंगा में श्रद्धा की डुबकी लगाई। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का गंगा, घाघरा और टोंस के घाटों पर पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। भीषण ठंड के बावजूद नौजवान और वृद्धों के साथ बच्चों और महिलाओं का रेला गंगा घाटों की ओर बढ़ने लगा। भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने स्नान कर दान पुण्य किया और महर्षि भृगु व बाबा बालेश्वर नाथ का दर्शन पूजन किया। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी मकर संक्राति पर गंगा स्नान की होड़ देखी गयी। विदित हो कि मंगलवार की शाम को सूर्य के धनु से मकर राशि में प्रवेश के बाद उदयातिथि का मुहूर्त बुधवार को मिलने के कारण गंगा स्नान को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहा। 

नगर के महावीर घाट और शिवरामपुर घाट पर दोपहर तक श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। गंगा स्नान के बाद लोगों ने तिल, गुड़, चावल और तिलवा के साथ वस्त्र आदि दान किया। इसके साथ ही लोगों ने दही-चिउड़ा और खिचड़ी का जमकर लुत्फ उठाया। इस दौरान बच्चों संग युवा पतंगबाजी का लुत्फ भी उठाते देखे गये। मकर संक्रांति के अवसर पर बाबा बालेश्वर के भक्तों ने गंगा तट पर दर्शन पूजन करने के बाद नगर के हनुमानगढी मन्दिर के सामने हजारों लोगों को दही, चुरा, गूड़ आदि का वितरण किया। इसके पूर्व सभी भक्त विशुनीपुर में स्थित दिव्यांग विद्यालय के बच्चों में दही चुरा व गुड का विरतण किया। इस अवसर मनोज कुमार, सूरज गुप्ता, राम जी, पप्पू उर्फ पवन, चुन्नू, राकेश, शशि, विनोद, महावीर तिवारी, संतोष गब्बर, संतोष, नमन गुप्ता आदि रहे।

रिपोर्ट— धीरज सिंह

No comments