नदी किनारे फिसला ट्रैक्टर, और बहती धारा में चालक और ट्रैक्टर...
रामगढ़, बलिया । दयाछपरा के समीप नौरंगा गंगा घाट पर मंगलवार को पीपा पुल बनाने के लिए राजस्थान की कम्पनी का एक ट्रैक्टर नाव द्वारा गंगा पार ले जाया जा रहा था, जो नाव से उतारते वक्त किनारे से फिसलकर चालक समेत नदी की तेज धारा में चला गया। मौके पर मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह युवक को बाहर निकाला, फिर 3 घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद गंगा की तीव्र धारा से ट्रैक्टर को भी दूसरे ट्रैक्टर से बांध कर बाहर निकाल लिया गया।
स्थिति सामान्य होने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले वर्ष भी पीपा पुल बनाते वक्त एक दुर्घटना हो गई थी। इस वर्ष भी पीपा पुल के नाका पर घटना हो गयी।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आज तक पीपा पुल बनकर तैयार नहीं हुआ, जबकि शासन की मंशा के अनुरूप 15 अक्टूबर तक ही पुल बनकर तैयार हो जाना चाहिए था। आखिर शासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा हम नौरंगावासियों के साथ ऐसा खिलवाड़ क्यों किया जा रहा हैं? एक पीपा पुल ही हम सभी का सहारा है, जिसे मात्र 2 माह के लिए चालू किया जाना क्या न्यायसंगत है?
रिपोर्ट - रविन्द्र नाथ मिश्र


No comments