सीएए, एनआरसी तथा एनपीआर को लेकर सत्याग्रह
सिकंदरपुर(बलिया)। मानापुर मोड़ के समीप स्थित पोखरे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर कम्युनिस्ट पार्टी लिबरेशन व नागरिक समाज और इंसाफ मंच के तत्वाधान में सीएए, एनआरसी तथा एनपीआर को लेकर सत्याग्रह सभा
किया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता श्री राम चौधरी ने राज्य तथा केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि भाजपा की हिंदू राष्ट्र की कल्पना ऊंच-नीच और भेदभाव आधारित मनुआद है, जो देश के दलितों, महिलाओं, पिछड़ों तथा अल्पसंख्यकों को दूसरे दर्जे का नागरिक एवं सेवक बनाकर रख देगा, जिसको देश की जनता समझ गई है। कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देश आर्थिक मंदी, बेरोजगारी, छंटनी और महंगाई से त्रस्त है। प्रत्येक चीज के लिए लोग जूझ रहे हैं। कहा कि बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए झूठ के बल पर हिंदू मुस्लिम और भारत पाकिस्तान जैसे धार्मिक एवं अन्ध राष्ट्रवादी मुद्दों के सहारे जनता में अफवाह फैलाने का कार्य भारतीय जनता पार्टी और संघ कर रहा है। इस दौरान बताया कि यह कार्यक्रम पहले से ही नगर के दरगाह के मैदान में निश्चित किया गया था, जहां पर प्रशासन द्वारा सत्ता के दबाव में हमें जाने नहीं दिया गया और दरगाह मैदान को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जिसके कारण पोखरे पर सत्याग्रह सभा का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिसमें भारत सरकार से मांग किया है कि धार्मिक आधार पर बना गैर संवैधानिक सीएए वापस लिया जाए और एनआरसी, एनआरपी को रद्द किया जाए। सत्याग्रह सभा को प्रदेश सचिव सुधाकर यादव, जिला सचिव लाल साहब, नियाज अहमद, भागवत बिंद, लक्ष्मण यादव, बसंत कुमार सिंह, राजू यादव, वशिष्ठ राजभर, इमरान अहमद, राधेश्याम चौहान, अतवरिया देवी, मुनी सिंह आदि ने संबोधित किया।
रिपोर्ट-हेमंत राय


No comments