कलमकारों ने उत्पीड़न के खिलाफ भरी हुंकार
बलिया। भारतीय पत्रकार संघ की जनपदीय कार्यालय पर जिला कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक रविवार की दोपहर हुई, भारतीय पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि संगठन को जिला स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर तथा कंधे से कंधा मिलाकर चलने की आवश्यकता है क्योंकि आज के परिवेश में पत्रकारों की लेखनी को दबाने तथा धमकाने की प्रक्रिया प्रदेश के कोने-कोने में देखी जा रही है। जिसे भारतीय पत्रकार संघ कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगा।
सलाहकार सरदार मंजीत सिंह ने बताया कि आए दिन लगातार पत्रकारों पर हो रहे उत्पीड़न तथा मारपीट की घटना अति दुखद है। वरिष्ठ पत्रकार केके सिंह ने भी आश्वस्त करते हुए कहा कि पत्रकार साथियों को डरने की कोई जरूरत नहीं है। इस क्रम में सदस्य ओम प्रकाश पांडेय ने समस्त साथियों को एकजुट होकर चलने पर जोर दिया तथा साथ ही मुन्ना सिंह ने भी अपना विचार रखा। राहुल देव पांडेय, जमाल आलम, अफजल अहमद, कृष्ण कुमार सिंह, वरुण कुमार चौबे, दिलीप पांडेय सहित अन्य पत्रकार गण मौजूद रहे ।अध्यक्षता संजय पांडेय तथा संचालन डा0 करुणेश पांडेय ने किया।
रिपोर्ट— डीके सिंह


No comments