Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

आये थे ब्याह रचाने को,नशे की लत ने लौटाया बैरंग


मनियर,बलिया। क्षेत्र के पिलूई गांव में रविवार को इलाहाबाद से आई एक बारात और दूल्हे को बिन दुल्हन बैरंग होना पड़ा। हालांकि इलाकाई पुलिस के हस्तक्षेप व दबाव से दोनों पक्षों में हुए सुलह—समझौते के कारण मामला तूल पकड़ने से बच गया। ग्रामीणों के मुताबिक इस पूरे वाकये में अपशकुनों की भी अहम भूमिका रही,जहां शादी के ऐन वक्त दुल्हन के पिता ने दूल्हे के साथ अपनी बेटी ब्याहने से साफ इंकार कर दिया। इस दौरान घरातियों का आरोप था कि दूल्हा हिरोइनबाज यानि की नशेड़ी है। 

बताया जाता है कि मनियर थाना क्षेत्र के पिलूई निवासी पूर्व प्रधान की लड़की की शादी 76/53 पूरा पूराइन बाघम्बरीरोड, दारागंज, इलाहाबाद निवासी एक दरोगा के लड़के से तय थी। रविवार को निर्धारित तिथि पर बरात पिलूई गांव पहुँची, जहां धूमधाम के साथ घरातियों ने बारातियों का स्वागत किया, लेकिन द्वाराचार के दौरान होने वाली पूजा के समय अचानक दुल्हे का हाव-भाव बदला देख दुल्हन के पिता बिदक गए। चर्चा है कि द्वारपूजा के दौरान दूल्हे ने अपना टोपी व कोट खोलकर फेंक दिया। हालांकि मौके पर मौजूद बारात पक्ष के लोगों ने समझा बुझाकर वर को कपड़ा तो पहना दिया,लेकिन जब हाथ में पंडित जी ने अक्षत फुल दिया तो फिर दूल्हे का आचरण बदल गया और वह उसे लेकर दोंनों हाथों से रगड़ने लगा। 

बहरहाल,किसी तरह से द्वारपूजा की रस्में पूरी तो दुल्हा व दुल्हन को जयमाल के लिए बैठाया गया,लेकिन वहाँ भी दूल्हे राजा के हाव भाव में ना तो कोई सुधार हुआ और ना ही कोई तब्दीली दिखी। वह अपनी उलजूलू हरकतों से लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। यह देखकर दुल्हन बनी लड़की के पिता ने कठोर निर्णय लेते हुए नशेड़ी लड़के से अपनी लाडली का ब्याह करने से साफ मना कर दिया। यह सुन बारातियों के तोते उड़ गये। जब बात नहीं बनी तो दोनों पक्षों के बीच दिए गए दहेज वापस करने की पंचायत चल रही थी। इसी बीच बरात में आयी दूल्हे की बुआ ने 112 डायल कर पुलिस बुला लिया और घरातियों पर दूल्हे को बंधक बनाने का आरोप लगाया। सूचना के बाद मौके पर थानाध्यक्ष नागेश उपाध्याय ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। दोनों पक्षों में सुलह समझौता चलने लगी। चर्चा है कि पंचायत में तय हुआ कि वर पक्ष द्वारा दहेज के तौर पर लिया गया चार लाख चालीस हजार रुपये वापस लड़की पक्ष को देगा। सोमवार को लड़का पक्ष द्वारा रकम चुकता करने के बाद दुल्हा बने लड़के को छोड़ दिया गया।


मौत के साथ शुरु हुआ था अपशकुन का सिलसिला

चर्चा यह भी है कि कन्या के पिता के मित्र और भागीपुर निवासी वहीद अंसारी 26 वर्ष विवाह समारोह के दौरान आयोजित प्रित भोज के लिए सब्जी खरीदने के लिए रविवार की सुबह केवरा चट्टी पर गए थे, जहां दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका इंतकाल हो गया था। इसको ग्रामीण विवाह के लिए अपशकुन मान रहे हैं।


पुलिस नहीं करेगी कोई कारवाई

इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष नागेश उपाध्याय ने बताया कि द्वारपूजा के लिए दूल्हा को गाड़ी से उतारा जा रहा था। ड्राइवर द्वारा नेग मांगने पर विवाद हो गया जिसे लड़का आवेश में आकर टोपी कोट निकाल कर फेंक दिया। जिससे लड़की पक्ष के लोग भड़क गए। दोनों पक्षों के बीच लेन देन वापस करने पर एवं लिखित आश्वासन देने पर मामला समाप्त हो गया।पुलिस इस मामले में कोई कारवाई नहीं करेगी।
रिपोर्ट— राममिलन तिवारी

No comments