Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

अन्नदाता का दिल टूटेगा तो रोएगा हिंदुस्तान: सचिन


दुबहड़,बलिया।  केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जिसके कारण किसानों की खुशहाली छीन गई है। कहा कि जब अन्नदाता किसान का दिल टूटेगा, तब हिंदुस्तान रोएगा। उक्त बातें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव सचिन नाइक ने स्थानीय क्षेत्र के घोड़हरा बाजार में शनिवार को किसान जागरूकता अभियान के अंतर्गत किसान जनचौपाल में कहीं। कहा कि भाजपा की सरकार सीएए और एनआरसी जैसे निरर्थक मुद्दे को उछाल कर देश के किसानों की गंभीर समस्याओं, युवाओं की बेरोजगारी जैसी ज्वलंत मुद्दे से ध्यान भटका रही है। आज किसानों को उनके फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।

किसानों को निरर्थक बैंकों में दौड़ाया जा रहा है। खाद, बीज महंगे दामों में बेचे जा रहे हैं। उसमें भी खाद बीजों की उपलब्धता नहीं है। देश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है सत्ताधारी दल के प्रतिनिधि ही बलात्कार कांड में फंस रहे हैं। आदिवासियों, दलितों, शोषितों,  पीड़ितों की आवाज दबाई जा रही है। देश के लोगों को गाय-गोबर, हिंदू-मुसलमान, जातिवाद एवं नफरत की राजनीति आदि में फंसा कर देश के भाईचारा एवं आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण को दूषित करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि कांग्रेस ने बहुत मेहनत करके हिंदुस्तान को अपने खून-पसीने से सींचा है। लेकिन सत्ताधारी भाजपा सरकार चंद कारपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आम नागरिक का शोषण कर रही है।

उपस्थित लोगों से सोनिया गांधी प्रियंका गांधी का हाथ मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस मजबूत होगी तब किसानों का कर्जा माफ, बिजली बिल हाफ किया जाएगा। बेरोजगारी की समस्याएं दूर की जाएगी। सर्वप्रथम उपस्थित कांग्रेस के नेताओं एवं लोगों ने माल्यार्पण कर राष्ट्रीय सचिव सचिन नाइक का स्वागत किया। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, रमन पांडेय, रमन सिंह, सच्चिदानंद तिवारी, सच्चिदानंद उपाध्याय, राजीव सिंह, पूजा वर्मा, रामधनी सिंह, रामेश्वर तिवारी, सत्यप्रकाश, भैया लल्लू सिंह, पवन चौबे, भोला दुबे, अभिषेक सिंह, मुन्ना पाठक, शमीम अंसारी, इलियास, अब्दुल रजाक, मुन्ना साईं आदि  उपस्थित रहे। अध्यक्षता ओमप्रकाश पांडेय, संचालन ओमप्रकाश तिवारी एवं आभार प्रकट ब्लॉक अध्यक्ष हरिशंकर पाठक ने किया।


रिपोर्ट— नीतेश पाठक 

No comments