Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

जानें क्यों किया आशा बहुओं ने किया धरना-प्रदर्शन



बैरिया(बलिया): निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां पर तैनात आशा बहुओं को वर्ष 2019 से ही फाइलेरिया, टीवी रोग,कुष्ठ रोग खोजी अभियान, जेएसवाई के साथ ही पल्स पोलियो का मानदेय नहीं मिला है। जिससे नाराज आशा बहुओं ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां के प्रांगण में बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई। वहीं 17 फरवरी से 29 फरवरी तक चलने वाले फाइलेरिया अभियान का बहिष्कार कर ग्रामीणों में वितरण के लिए मिलने वाले दवा को लेने से इंकार कर दिया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र के प्रांगण में धरना-प्रदर्शन किया।
  दुर्जनपुर निवासिनी मनोरमा देवी ने बताया कि वर्ष 2019 से ही टीवी रोग, कुष्ठ रोग खोजी अभियान, फाइलेरिया व पल्स पोलियो अभियान का मानदेय हमें नहीं मिला है। रीता वर्मा ने कहा कि मानदेय भुगतान को कई बार हम लोग अस्पताल प्रशासन से आग्रह कर चुके हैं लेकिन वर्ष 2019 से ही बकाया मानदेय का भुगतान अब तक नहीं हुआ। मीना सिंह ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां के प्रभारी अधीक्षक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में तैनाती है और अतिरिक्त प्रभार प्रशासनिक कार्य देखने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां का भी चार्ज दिया गया है। उसी तरह ब्लाक एकाउंटेंट, मैनेजर व सचिन की तैनाती जिला अस्पताल के बाद अतिरिक्त प्रभार कोटवां अस्पताल को दिया गया है। जिससे उक्त दोनों अधिकारी कभी-कभी ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां आते है, जिससे हमारे मानदेय का समय से भुगतान नहीं हो पाता है। रीना देवी ने कहा कि हम आशा बहुओं का मानदेय जल्द भुगतान नहीं किया गया तो हम आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
  इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां के प्रभारी अधीक्षक डा. जेपी चौधरी ने बताया कि आशा बहुओं के बकाए मानदेय का भुगतान का डिमांड जिला मुख्यालय से किया गया है लेकिन अभी खाते में धन नहीं आया है। धन आते ही मानदेय भुगतान कर दिया जाएगा।
  उक्त मौके पर शांति देवी, शशिकला, मंजू देवी, सुनीता तिवारी, मालती देवी, विद्यावती देवी, सीमा मिश्रा, पुष्पांजलि केशरी, शकुंतला देवी सहित दर्जनों आशा बहुएं मौजूद थी।
                                                         


रिपोर्ट : बी चौबे

No comments