सिरफिरे आशिक ने माशूका को गन पॉइंट पर उठाया
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक तरफा प्यार में पागल प्रेमी ने कथित प्रेमिका को बंदूक की नोक पर साथ लेकर जा रहा था। पीछे-पीछे पुलिस उसे समझाने का प्रयास कर रही थी। तभी युवक गुस्से में चिल्लाया और पिस्टल को सर पर तान कर बोला- हटो वरना गोली चला दूंगा। बता दें कि देर रात तक युवक गांव के बाहर ड्रामा करता रहा। वहीं, घंटों की मशक्कत के बाद युवक शांत हुआ और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला जांजगीर-चांपा जिले के हसौद थाना क्षेत्र के कैथा गांव का है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक युवक का नाम गोलू बनोलिया है। वह इंदौर, मध्यप्रदेश के महावीर नगर का रहने वाला है। कुछ समय पहले उसकी बात-चीत कैथा गांव की एक युवती से होती थी। वह युवती को अपने साथ ले जाने गांव पहुंच गया। युवक के पास पिस्टल भी थी। पहले तो उसने युवती के घर वालों को डराया और युवती को अपने साथ लेकर जाने लगा। परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंची और हंगामे को शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों और ग्रामीणों ने जब आरोपी का विरोध किया और पीछा करने लगे तो आरोपी ने पहले तो हवाई फायरिंग की, उसके बाद अपने ही सर पर पिस्टल तान कर, अपने आप को ही उड़ा लेने की धमकी देता रहा। पुलिस की टीम ने आरोपी को समझाने की कोशिश की। घंटों की मशक्कत के बाद युवक शांत हुआ और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को पुलिस ने पूछताछ में पाया कि, एक इंटरव्यू के सिलसिले में युवती जबलपुर गई हुई थी। यहां उसकी मुलाकात पहली बार गोलू से हुई थी। दोनों में प्यार हुआ और दोनों ने कोर्ट मैरिज की। युवती कुछ समय जबलपुर में ही रहने लगी। उसने परिजनों को बताया कि पढ़ाई के सिलसिले में वह रायपुर में रहती है। मगर कुछ वक्त बाद घर वालों को शक हुआ। युवती को जबलपुर से कैथा गांव लाया गया। इसके बाद युवक भी युवती को अपने साथ ले जाने पहुंचा था, मगर तब बात नहीं बनी थी। इसके बाद दोबारा वह शनिवार की शाम यहां पहुंचा। युवती भी युवक के साथ जाने को तैयार हो चुकी थी। हालांकि कोर्ट में हुई शादी के सम्बंध में कोई पुख्ता सबूत युवक या युवती पेश नहीं कर पाए हैं।
डेस्क


No comments