Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बलिया में हर्ष फायरिंग में भोजपुरी लोक गायक गोलू राजा को लगी गोली, रेफर

 



बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के महाकरपुर में देर रात करीब साढ़े 11 बजे भाजपा नेता के यहां कार्यक्रम में आए भोजपुरी गायक व अभिनेता गोलू राजा गोली लगने से घायल हो गए। गोली बांह में लगी है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है। घटना के बाद गोलू को मऊ ले जाया गया था। वहां इलाज से सहयोगी संतुष्ट नहीं हुए तो उन्हें बक्सर लेकर चले गए। जिले में लगातार दूसरे दिन हर्ष फायरिंग में गोली लगने की बात सामने आई है।

भाजपा नेता भानु प्रकाश दुबे के लड़के के जन्मदिन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। भोजपुरी गायक व अभिनेता गोलू राजा कार्यक्रम पेश कर रहे थे और इस दौरान हर्ष फायरिंग भी की जा रही थी। तभी अचानक गोलू राजा की बांह गोली लग गई और वे मंच पर गिर पड़े। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। गोलू राजा को तत्काल इलाज के लिए मऊ ले जाया गया, लेकिन वहां उनके सहयोगी इलाज से संतुष्ट नहीं हुए और उन्हें लेकर बक्सर चले गए। गोलू के सहयोगी सत्यजीत सरकार ने बताया कि महकलपुर में युवा भाजपा नेता के यहां जन्मदिन के कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान उन्हें गोली लगी है.



गड़वार थानाध्यक्ष अनिल चंद तिवारी ने बताया कि जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में हुई फायरिंग में किसी गायक को गोली लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचा और गायक से सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सम्पर्क नहीं हो पाया है। जांच की जा रही है।

करीब 22 वर्षीय गोलू राजा बिहार के नवाडीह थाना क्षेत्र के सिगरहटा गांव के रहने वाले हैं। गोलू के भांजा व साथी सत्यजीत ने बताया कि गोली अभी शरीर में ही है। एक्स-रे हुआ है। रिपोर्ट आने के बाद ऑपरेशन आदि की प्रक्रिया होगी।

पुलिस अधीक्षक बलिया देवेंद्रनाथ ने कहा कि थाना गड़वार अंतर्गत ग्राम महाकारपुर के रहने वाले भानू दुबे के बच्चे का जन्मदिन था। उसमें गोलू राजा निवासी पियरी जनपद भोजपुर रात्रि में भोजपुरी गाना गा रहे थे। किसी के द्वारा कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की गयी, जिससे  उन्हें गोली लगी है। ये इलाज के लिए बक्सर चले गए हैं। डॉक्टर से वार्ता की गई है। उनकी हालत ठीक है। समुचित इलाज हेतु ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। जबकि एसडीएम सदर राजेश यादव ने बताया कि उनके यहां न तो ऐसे किसी कार्यक्रम की जानकारी दी गई और न ही परमिशन ली गई थी।



रिपोर्ट धीरज सिंह 


No comments