Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष बने अनिल गुप्ता

 


रतसर (बलिया)अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा रविवार को बीका भगत के पोखरा स्थित पंचायत भवन पर अध्यक्ष पद का चुनाव सम्पन्न हुआ। चुनाव अधिकारी के रूप में व्यापार मण्डल के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अरविन्द गांधी की देखरेख में सम्पन्न हुआ। चुनाव में अनिल गुप्ता ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी फैजी अहमद को 201 मतों के भारी अन्तर से हराया। चुनावी मैदान में अध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल की थी। कुल मतदाताओं की संख्या 1300 थी जिसमें 1145 मत पोल हुए। इसमें अनिल गुप्ता को 461 मत, फैजी अहमद को 260 मत, सुनील कुमार पाण्डेय को 107 मत, निप्पू सिंह को 71 मत, राजू रफत को 50 मत, अशोक गुप्ता को 45 मत, अरविन्द गुप्ता  को 109 मत हासिल हुए। रविवार की सुबह 8:00 बजे से वोटिंग का कार्य शुरु हुआ और दोपहर दो बजे तक चलता रहा। चार बजे शाम से मतगणना का कार्य गहमा-गहमी के बीच सम्पन्न हुआ। प्रथम चक्र के मतगणना से ही अनिल गुप्ता बढ़त बनाए हुए थे और लगातार तीसरे एवं अंतिम चक्र तक लगातार बढ़त बनी रही।  अनिल गुप्ता के विजयी होने पर व्यापारियों ने पूरे जश्न के साथ विजयी प्रत्याशी को फूलमालाओं से लाद दिया। अध्यक्ष पद के लिए घोषित विजयी प्रत्याशी अनिल गुप्ता को चुनाव अधिकारी अरविन्द गांधी ने शपथ ग्रहण कराया। इस अवसर प्रशासन की तरफ से तहसीलदार गुलाब चन्द्रा, सीओ सीटी अरुण कुमार, थाना प्रभारी अनिलचन्द तिवारी के साथ ही आधा दर्जन थानों के एसएचओ सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।

रिपोर्ट : धनेश पाण्डेय

No comments