Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

सरोवर, तालाबों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, व्रती महिलाओ ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्पित किया अर्घ्य



बेल्थरारोड, बलिया। हे अस्ताचलगामी सूर्यदेव। हे भुवन भाष्कर, आप ही एक मात्र ऐसे देव हो। जिस प्रकार से आपकी एक-एक किरणों में असंख्य शक्तियां विद्यमान हैं, उसी प्रकार हमारे कुटुंबी भी बल-पौरुष, यश-कीर्ति और दूध-पूत-लक्ष्मी से परिपूर्ण हों। ऐसा वर दीजिए। इसी कामना के साथ छठ महापर्व का व्रत रखने वाली महिलाओं ने शुक्रवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य दिया।

            छठ घाटों पर शुक्रवार को सायंकाल आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। महिलाओं ने शाम को तालाब, पोखरों व नहरों के किनारे बने छठ घाट डूबते हुए सूर्य को अर्ध्य दिया। देर रात महिलाओं ने पूजन अर्चन कर कोसी पूजा किया। पुत्र प्राप्ति और मंगल कामना के लिए व्रती महिलाओं ने तालाब व पोखरों में खड़े होकर छठ मइया की आराधना किया।अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य अर्पित करते हुए तन-मन की शुद्धता और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान मंगल गीतों की धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। घाटों के आस-पास मेले जैसा दृश्य नजर आया। आस्था के इस विहंगम नजारे को लोग कैमरे में कैद करते रहे।दिन भर घर में पूजन सामग्री तैयार करने के बाद अपराह्न से ही श्रद्धालुओं की टोली छठ घाट की ओर बढ़ने लगी थी। परिवार के पुरुष सदस्य सिर व कंधे पर पूजन सामग्री से भरी दऊरा और ईंख लेकर आगे-आगे चल रहे थे तो उनके पीछे महिलाएं छठ पर्व की पारंपरिक गीत गुनगुनाती बढ़ रही थी।



 घाट पर पहले से तैयार वेदी की पूजा के बाद कलश और पूजन सामग्री रखकर महिलाएं नदी, तालाब व पोखरों में प्रवेश कर गईं। हाथ जोड़कर छठ मइया और सूर्य देव की वंदना करती रहीं।शाम 5 बजे के बाद जैसे ही सूर्य देव अस्त होने के लिए बढ़े अर्ध्य का क्रम शुरू हो गया। अर्ध्य अर्पित करते हुए व्रती महिलाओं ने परिवार के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस पूजन को देखने के लिए बड़ी तादात में लोग घाटों के आस-पास जमे रहे। बेल्थरारोड के रामलीला मैदान सहित अन्य सरोवर व तालाबों के अलावा तुरतीपार नदी के किनारे व्रती महिलाओ का हुजूम उमड़ पड़ा। चेयरमैन दिनेश गुप्ता नगर में भ्रमण कर व्रती महिलाओ एवं लोगो को शुभकामनाएं दी। यहां पर क्षेत्राधिकारी केपी सिंह, प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह मय फोर्स चक्रमण करते रहे।इसके अलावा नगरा के भगमलपुर पोखरे,पचफेडवा पोखरे तथा प्राचीन दुर्गा मन्दिर पोखरे पर पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश व श्वेता प्रकाश, पूर्व प्रधान काशीनाथ जायसवाल,हियुवा नेता राजीव सिंह चंदेलआदि ने व्रतियों को सूर्य षष्ठी की शुभकामनाएं ज्ञापित की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पांडेय मय फोर्स चक्रमण करते रहे।

                             

संतोष द्विवेदी

No comments