Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बलिया के स्वास्थ्य केन्द्रों पर मनाया गया खुशहाल परिवार दिवस

 


- बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित करना एकमात्र है उद्देश्य


- लक्षित दंपत्ति को परिवार कल्याण की सेवाएं लेने के लिए किया गया जागरूक


बलिया : आज जिले के  स्वास्थ्य केद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया। यह जानकारी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/ परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ० सुधीर कुमार तिवारी ने दी। उन्होंने बताया की बढ़ती हुई जनसंख्या को नियंत्रित किए जाने के उद्देश्य से लक्षित दंपत्ति को परिवार कल्याण कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने एवं उनकी पसंद के अनुसार परिवार कल्याण की सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने बताया की इस दौरान इच्छुक महिलाओं को अंतरा का इंजेक्शन लगाया गया, साप्ताहिक गर्भ निरोधक गोली छाया, कंडोम, ई-पिल्स, माला-एन की गोली का वितरण किया गया।  कॉपर-टी,  पीपीआईयूसीडी लगवाने के साथ नसबंदी से होने वाले लाभ की जानकारी भी प्रदान की गयी तथा इसमें से कोई भी साधन अपनाने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया की आशाओं को प्रेरित किया गया है कि लक्षित दंपत्ति को परिवार कल्याण की सेवाएं लेने के लिए जागरूक करें तथा इच्छुक लाभार्थियों को स्वास्थ्य केंद्र तक लाकर उन्हें परिवार कल्याण की सेवाएं प्रदान कराएं साथ ही कोरोना संक्रमण के चलते सही तरीके से मास्क लगाने, भीड़-भाड़ से बचने व हाथों को बार-बार सेनेटाइज करने के लिए भी प्रेरित करें। 

क्या कहा लाभार्थियों ने:-

इस क्रम में गंगा देवी,निवासी- भरखरा,ने बताया कि परिवार कल्याण के लिए अंतरा का टीका कारगर है। इस टीके को लगवाने से किसी प्रकार की समस्या नहीं आती है तथा यह टीका परिवार को सीमित करने में मददगार है।

माया देवी, निवासी- बेरूआरबारी, ने पीपीआईयूसीडी के विषय में बताया कि अनचाहे गर्भ से लंबे समय तक मुक्ति चाहने वाली महिलाओं के लिए यह वरदान है। इससे परिवार को सीमित करने में मदद मिलेगी।



रिपोर्ट : धीरज सिंह

No comments