Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

दस्तक अभियान : आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कर रहीं जागरूक


 

●संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत 30 अप्रैल तक चलेगा दस्तक अभियान

बलिया, 24 अप्रैल 2023 - जनपद में 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचारी रोगों की रोकथाम के लिए दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आशा और आगंनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया, जेई, एईएस , आई एल आई ,हीट वेव से बचाव आदि संचारी रोगों के प्रति जागरूक कर रही है। इसके साथ ही लू, गर्म हवा, हीट स्ट्रोक आदि के बारे में भी जागरूक कर रही है। बुखार के रोगियों की सूची आई एल आई (इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों की सूची, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची, कुपोषित बच्चों की सूची, क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया हो, सूची तैयार कर एएनएम को उपलब्ध करा रही हैं। 

जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि दस्तक अभियान के तहत 17 से 22 अप्रैल तक आशा कार्यकर्ता की ओर से भ्रमण किए गए घरों की संख्या 402290 कुल चिन्हित बुखार रोगियों की संख्या 408, मलेरिया बुखार के लिए जांचे गए व्यक्तियों की संख्या 398 , मलेरिया धनात्मक व्यक्तियों की संख्या  शून्य,कोविड लक्षण युक्त व्यक्तियों की संख्या 297,कोविड जाँच किए गए व्यक्तियों की संख्या 271,कोविड धनात्मक मरीज शून्य, टीबी लक्षण युक्त व्यक्तियों की संख्या 52,चिन्हित अति कुपोषित बच्चों की संख्या 17 , आयोजित मातृ बैठकों की संख्या 1985, क्लोरिनेशन डेमो की संख्या 1677, लगाये गये स्टीकरो की संख्या 90702 है।

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर- घर जाकर समुदाय को संचारी रोगों से बचाव के लिए बेहतर व्यवहार को अपनाने के लिए जन जागरूक कर रही है। साथ ही गृह भ्रमण के दौरान प्रमुख जगह पर पोस्टर, स्टिकर लगा रही है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, जलजमाव न होने दें, जलजमाव वाले पात्रों को नष्ट कर दें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और पूरी आस्तीन वाले  कपड़े पहनें।

पंदह ब्लॉक के अंतर्गत खेजुरी निवासी प्रियंका सिंह 27 वर्ष ने बताया कि आशा राजकुमारी देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मुन्नी और कांति देवी आज हमारे घर आईं। उन्होंने पहले घर के बाहर स्टिकर लगाया फिर आशा दीदी ने बताया कि अपने घर व आसपास सफाई रखें। जलजमाव बिल्कुल भी न होने दें। मच्छरदानी का उपयोग नियमित करें और पूरी आस्तीन वाले कपड़े पहनें।

शहरी बाल विकास परियोजना से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना पाण्डेय और नीरा राय ने बताया कि जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण मुरारी पाण्डेय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में आशा कार्यकर्ता के साथ प्रतिदिन माइक्रो प्लान के अनुसार घरों का भ्रमण करना है। कुपोषित बच्चों को चिन्हांकित कर उनके अभिभावकों को खानपान की जानकारी दी जा रही है। कुपोषित बच्चों व बीमार लोगों की सूची आशा कार्यकर्ता के स्तर से बनाकर जिले पर उच्च अधिकारियों को दी जा रही है। प्रतिदिन की गतिविधियों की जानकारी मुख्य सेविका के माध्यम से बाल विकास परियोजना अधिकारी को भी देना होता है।



रिपोर्ट त्रयंबक पांडेय गांधी

No comments