Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

पेड़ से टकराकर बाईक पल्टी,एक की मौत,एक घायल

                               फाइल फोटो
 

 रेवती ( बलिया)रेवती बैरिया मार्ग पर गंगा पांडेय के टोला के समीप बैरिया से रेवती आ रही बाईक के शुक्रवार को दिन में पेड़ से टकराकर पल्टी खाने से बाईक सवार परसिया गांव निवासी 21 वर्षीय अरविन्द यादव व उसकी भगीनी 9 वर्षीय काजल निवासी चांददियर गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव वालों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आस पास के लोगों की मदद से उसे सीएचसी रेवती पर भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के पश्चात दोनो को बलिया जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। देर सायं जिला अस्पताल में ईलाज के दौरान अरविन्द यादव की मौत हो गई। उसकी मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। 

मृतक अरविन्द यादव चेन्नई में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। उसकी सगी बहन बिन्दु कुमारी व चचेरी बहन गिरजा कुमारी का 28 मई को शादी का दिन रखा गया हैं। 21 मई रविवार को दोनों का तिलक जाना था। चांददियर गांव से वह अपनी भगीनी काजल के साथ गांव परसिया आ रहा था। तेज रफ्तार के चलते असंतुलित हो बाईक पेड़ से टकराकर पलट गई। 

मृतक तीन भाई व तीन बहनों में सबसे छोटा है। इस घटना के बाद उसकी माता सोना देवी, बहने बिन्दु ,गिरजा सहित परिजनों के रूदन से आस पास के लोगों की आंखे भी नम हो जाती रही थी। प्रधान राम प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में गांव के लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।


रिपोर्ट पुनीत केशरी

No comments