पांच हजार की घूस लेते लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन की कार्रवाई से तहसील में हड़कंप
आजमगढ़। मेंहनगर तहसील के गोपालपुर में तैनात लेखपाल राजेश मौर्य को एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को पांच हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर गांव निवासी सूर्यबली ने आरोप लगाया था कि जमीन संबंधी कार्य के लिए लेखपाल ने उससे रिश्वत मांगी थी और बार-बार टालमटोल कर रहा था। परेशान होकर उसने एंटी करप्शन टीम आज़मगढ़ से शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने एक जाल बिछाया।
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट दिए गए और उसे लेखपाल को रिश्वत देने के लिए भेजा गया। जैसे ही राजेश मौर्य ने रुपये लिए, पहले से तैयार टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। मौके पर ही लेखपाल के हाथ धुलवाए गए, जिसमें केमिकल युक्त नोटों के निशान पाए गए।
इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। वहीं, कुछ लेखपालों ने इस गिरफ्तारी का विरोध किया और इसे साजिश करार दिया।
डेस्क


No comments