बिजली के तार बांस-बल्लियों के सहारे घरों को कर रहे रोशन, जान सांसत में
गड़वार (बलिया) बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार के दावे हकीकत से कितनी दूर है इसकी बानगी विद्युत उपकेन्द्र गड़वार के परशुराम नगर (हनुमान मंदिर) में देखने को मिलती है। यहां जर्जर बांस-बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। पोल न होने से आए दिन तार टूटकर जमीन पर गिर जाते है,जिससे आपूर्ति भी बाधित हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदारों की यह लापरवाही किसी दिन जान पर आ सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि बांस-बल्ली पर करंट दौड़ाने से मौत का भय हमेशा बना रहता है। गौर करने वाली बात ये है कि बांस-बल्ली पर एल्यूमिनियम का नंगा तार बांधकर लगभग दर्जनों घरों में बिजली आपूर्ति की जा रही है।इतना ही नही कहीं-कहीं जमीन से पांच-छह फीट की ऊंचाई पर तार है,जिसके कारण रास्ते से होकर गुजरने वालों को हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। इस बाबत अधीक्षण अभियंता विद्युत लाल सिंह ने बताया कि इसको हम जेई से कहकर दिखवाते है। जल्दी ही खंभा एवं तार लगवाकर सुचारू ढंग से विद्युत आपूर्ति की जाएगी।
रिपोर्ट: डी.पाण्डेय


No comments