गोवा मुक्ति आंदोलन के वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम विचार पाण्डेय का निधन, जनपद में शोक की लहर,राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार
गड़वार (बलिया) कस्बा क्षेत्र के नारायनपाली गांव निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम विचार पाण्डेय का बुधवार की सुबह निराला नगर, बलिया स्थित आवास पर करीब चार बजे भोर में निधन हो गया। वह 98 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। उनके शव को नारायनपाली गांव स्थित पैतृक आवास पर लाया गया। गौर तलब है कि स्वतंत्रता सेनानी स्व.रामविचार पाण्डेय पूर्वांचल में एक मात्र जीवित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। वह गोवा मुक्ति आंदोलन के मुख्य अगुआ थे। यह आंदोलन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राम मनोहर लोहिया के आह्वान पर में किया गया थे। इस आंदोलन में स्व.राम विचार पाण्डेय को 24 घंटे कारावास में रहना पड़ा था जिनमें इन्हें 15 बेंत की सजा देने के बाद छोड़ दिया गया था। स्व. रामविचार पाण्डेय कौशल कुमार इंटर कालेज नारायण गढ़ में अध्यापक के पद पर तथा बाद में प्रधानाचार्य के पद पर भी रहे। उनके एक पुत्र एवं चार पुत्रियां है। मौत की खबर पाकर सांसद सनातन पाण्डेय,पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी, अंबिका चौधरी,जिलाधिकारी मंगला प्रसाद, पुलिस अधीक्षक डा०ओमवीर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में संभ्रान्त नागरिक व अधिकारी गण स्व. राम विचार पाण्डेय के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ श्रीराम पुर घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र अखिलेश पाण्डेय ने दी। इस मौके पर सीओ सदर मो. उस्मान,एसडीएम सदर,तहसीदार, प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष अनिल यादव,सपा के युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रजनीश यादव,भानू दुबे, मुकुल दुबे,फेफना विधान सभा संयोजक टुनटुन उपाध्याय सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय



No comments