बलिया के 256 होमगार्ड्स जवान मुख्यमंत्री सेवा मेडल से सम्मानित
बलिया। महाकुंभ जैसे विशाल, संवेदनशील एवं ऐतिहासिक आयोजन के दौरान उत्कृष्ट सेवा, अनुकरणीय कर्तव्यनिष्ठा और पूर्ण समर्पण का परिचय देने वाले जनपद बलिया के 256 होमगार्ड्स जवानों एवं अधिकारियों को मुख्यमंत्री सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में जिला कमांडेंट, होमगार्ड्स बलिया आयुष सिंह ने चयनित जवानों को मुख्यमंत्री सेवा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने जवानों की सेवा भावना, अनुशासन एवं कर्तव्यपरायणता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
जिला कमांडेंट ने अपने संबोधन में कहा कि महाकुंभ के दौरान होमगार्ड्स बल ने यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्वों का पूरी निष्ठा और सजगता के साथ सफलतापूर्वक निर्वहन किया। जवानों की सजगता एवं समर्पण के कारण आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में उल्लेखनीय सहयोग मिला।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान जवानों के आत्मविश्वास, मनोबल एवं उत्साह को बढ़ाते हैं और भविष्य में और अधिक प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देते हैं।
सम्मानित होमगार्ड्स जवानों ने इस अवसर पर शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए निरंतर निष्ठा, अनुशासन और सेवा भाव से कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट मनु तिवारी




No comments