रात में कोई साधन न मिले तो महिलाएं एस्कार्ट सेवा का ले सकती है लाभ, महिला एस्कार्ट गन्तव्य तक पहुंचाएगी
गड़वार(बलिया) डायल 112 पुलिस टीम ने शनिवार को स्थानीय कस्बा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित कर आमजन को कानून,नियम और सरकार की योजनाओं के बारे में जागरुक किया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर के पर्यवेक्षण में हुआ। बताया गया कि रात में महिला एस्कार्ट सेवा दी जाएगी। डायल 112 लखनऊ मुख्यालय से आई टीम के निरीक्षक अमित कुमार शुक्ला एवं प्रभारी 112 निजात जमां खां के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक अकेली महिलाएं यूपी 112 की रात्रि महिला एस्कार्ट सेवा का लाभ उठा सकती है। एस्कार्ट टीम उन्हें सुरक्षित गंतव्य यानी घर तक पहुंचाएगी। वहीं महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच,अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा संसाधनों के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी असहज स्थिति में तुरंत अभिभावक, अध्यापिका या पुलिस को सूचना दें और डायल 112 पर काल करें। यातायात प्रभारी विश्वदीप सिंह ने लोगों को बताया गया कि सड़क पार करते समय दोनो तरफ देखकर चलें। साइकिल या पैदल चलते समय एक- दूसरे के साथ अगल-बगल न चलें। वाहन पार्किंग,ओवरटेक, लेन का पालन, हार्न,वाहन मोड़ते समय हाथ सिग्नल और गति पर ध्यान दें। दुघर्टना होने पर तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाएं। महिला हेल्पलाइन-181, वीमेन पावर लाइन-1090,पुलिस आपात सेवा-112,स्वास्थ्य सेवा-102,एम्बुलेंस सेवा-108 व साइबर हेल्पलाइन-1930 पर जरूरत पड़ने पर काल करें।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय







No comments