एपेक्स स्कूल में 17 फरवरी से चल रहे खेल महोत्सव का हुआ धूमधाम से समापन
गड़वार(बलिया) क्षेत्र के बभनौली ग्राम स्थित एपेक्स स्कूल में 17 फरवरी से चल रहे वार्षिक खेल महोत्सव का समापन बहुत ही धूमधाम से हुआ।
विद्यालय के सभी बच्चों द्वारा इस खेल महोत्सव में प्रतिभाग किया गया। इस खेल महोत्सव में बकेट बॉल,फ्रॉग जंप,स्पून रेस,चॉकलेट रेस,खो खो,कबड्डी,क्रिकेट, इन-आउट,स्लो साइकिल रेस सहित अनेक प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। कबड्डी बालिका वर्ग के जूनियर, मिडिल तथा सीनियर सेक्शन में क्रमशः यमुना सदन, गंगा सदन और सरस्वती सदन की टीम विजेता रही तो वहीं बालक वर्ग के जूनियर, मिडिल तथा सीनियर सेक्शन में क्रमशः सरस्वती सदन, गंगा सदन तथा यमुना सदन की टीम विजेता रही। क्रिकेट में सीनियर सेक्शन में सरस्वती सदन तथा जूनियर सेक्शन में नर्मदा सदन की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और फाइनल मैच में यमुना सदन तथा सरस्वती सदन को हराकर विजेता ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया। खो-खो के खेल में जूनियर तथा सीनियर दोनों सेक्शन में नर्मदा सदन की टीम अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए फाइनल मैच मे विजेता रही। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व प्रवक्ता,भगत सिंह इंटर कालेज,रसड़ा अवधेश तिवारी तथा विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर धनंजय उपाध्याय ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन किया। विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर धनंजय उपाध्याय और उप प्रधानाचार्य नरेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा माल्यार्पण,अंगवस्त्र और पुष्प गुच्छ से मुख्य अतिथि का स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर कक्षा नौवीं की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किया गया। स्वर्ण,रजत और कांस्य पदक तथा ट्रॉफी पाकर सभी बच्चे बहुत उत्साहित दिखे। मुख्य अतिथि अवधेश तिवारी ने खेल और अनुशासन को एक दूसरे का पर्याय बताते हुए खेलों के महत्व और जीवन में खेलों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामना एवं बधाई भी दिया। इस खेल महोत्सव को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उप प्रधानाचार्य नरेंद्र प्रताप सिंह ने इस खेल महोत्सव को सफल बनाने में अपना सहयोग देने वाले सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक शिक्षिकाओं को धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उपस्थित अतिथि गण का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments