कार व बाइक की भीषण टक्कर में बाइक के उड़े परखच्चे,दो युवकों की मौके पर हुई दर्दनाक मौत
गड़वार(बलिया) स्थानीय थाना क्षेत्र के चांदपुर चट्टी के समीप मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे आई-10 कार व बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची गड़वार थाना पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के गांव में कोहराम मच गया। वहीं घर-परिवार में करुण-क्रंदन व चीत्कार मच गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक व कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के पंदह गांव निवासी प्रमोद कुमार राय (35) वर्ष पुत्र रामसिंगार राय व अनंत राय (49) वर्ष पुत्र अवधेश राय बाइक से चितबड़ागांव से किसी कार्यक्रम में शामिल होकर फेफना-गड़वार मार्ग होते हुए गांव लौट रहे थे। जैसे ही गड़वार थाना क्षेत्र के चांदपुर चट्टी के समीप पहुंचे ही थे कि आई-10 कार ने जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतना बेजोड़ था कि बाइक सवार दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। उधर से गुजर रहे राहगीर ने इसकी सूचना गड़वार पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने लेकर चली गई। थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक व कार को कब्जे में ले लिया गया है,वहीं अज्ञात कार चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments