विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीम का सम्मान
मनियर (बलिया)। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को सम्मानित किया गया। रविवार की रात मनियर बस स्टैंड स्थित एक होटल में आयोजित भव्य समारोह में टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं फूलमालाओं से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी तथा सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार 362 बांसडीह विधानसभा नितिन कुमार सिंह रहे। समारोह में सभी पर्यवेक्षक एवं बूथ स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने टीम भावना और समर्पण के साथ किए गए कार्य की सराहना की।
उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के अंतर्गत सूचना पत्रों के वितरण का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 35 प्रतिशत कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने तहसीलदार नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व को सराहनीय बताते हुए कहा कि उनकी टीम ने बांसडीह क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
वहीं तहसीलदार नितिन कुमार सिंह ने सफलता का श्रेय उपजिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं टीम के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा कि जो कार्य प्रारंभ में कठिन प्रतीत हो रहा था, वह सभी के परिश्रम और समन्वय से सहज रूप से पूरा हो सका। एक बूथ स्तरीय अधिकारी ने कहा कि “तहसीलदार महोदय के नेतृत्व में हमने दिन-रात एक कर लक्ष्य प्राप्त किया।”
कार्यक्रम में एक से 31 तक के मतदान केंद्रों के निरीक्षण की जिम्मेदारी तहसीलदार नितिन कुमार सिंह के पास रही, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक निभाया। समारोह में संजय कुमार, विशु पांडेय, रमेश यादव, श्याम सुंदर वर्मा, अनिल गुप्ता, अनुज कुमार, चमन लाल, प्रदीप कुमार, निखिलेश यादव, अब्दुल सलाम, मृत्युंजय कुमार सिंह, सुनील पांडेय, विशाल कुमार सिंह, छोटेलाल, अनिल पाठक, सुरेश सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अनुज कुमार ने किया। यह आयोजन न केवल विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में लगे कार्मिकों का मनोबल बढ़ाने वाला सिद्ध हुआ, बल्कि आगामी चरणों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन संबंधी कार्यों को सुदृढ़ बनाने में इस सम्मान समारोह की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है।
— मनु तिवारी



No comments