पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत,दो घायल, वाराणसी रेफर
गड़वार(बलिया) गड़वार-रतसर मार्ग पर थाना क्षेत्र के बड़सरी चट्टी पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए,जिन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है।खेजुरी निवासी वीरेंद्र प्रसाद (35)वर्ष पुत्र जीयन प्रसाद अपने भतीजे रोहित(22)वर्ष पुत्र मुन्ना प्रसाद व दोस्त अमन (18)वर्ष पुत्र गौरी प्रसाद के साथ बाइक से अपने भांजे के तिलक समारोह से सुखपुरा थाना क्षेत्र के बरवां गांव से लौट रहे थे।बड़सरी चट्टी के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान रतसर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को अपने जद में ले ली। जिससे वीरेंद्र प्रसाद की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि रोहित और अमन गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घायल रोहित और अमन को एंबुलेंस से सीएचसी रतसर ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। दोनों युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
फिलहाल,दोनों घायल युवकों का इलाज बीएचयू में जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments