मां को कुएं में गिरता देख बेटे ने भी पानी में लगाई छलांग, बेटा की मौत,मां सुरक्षित कुएं से बाहर निकली,मचा हड़कंप
गड़वार(बलिया) थाना क्षेत्र के बड़सरी गांव में बुधवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां कुएं में गिरी मां को बचाने के प्रयास में बेटे की जान चली गई,जबकि मां को सुरक्षित बचा लिया गया। बड़सरी गांव निवासी छोटेलाल राम की पत्नी सुभावती देवी, जिनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, बुधवार दोपहर घर से निकलकर गड़वार-रतसर मार्ग स्थित आर.डी. विद्यालय के पास पहुंच गईं। इसी दौरान वह अचानक पास के एक कुएं में गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत स्वजनों को सूचना दी और महिला को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही सुभावती देवी का पुत्र मुन्ना मौके पर पहुंचा और अपनी मां को बचाने के लिए बिना देर किए कुएं में छलांग लगा दी। इस दौरान कुंए की दीवार से उसके सिर में चोट लग गई, जिससे वह पानी में डूब गया।मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मां और बेटे दोनों को कुएं से बाहर निकाला। गंभीर हालत में मुन्ना को जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मां की जान बच गई।घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments