Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

पूर्व प्रधान चंद्रप्रभा देवी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर





मनियर, बलिया । थाना क्षेत्र मनियर एवं ब्लॉक बांसडीह के किशुनीपुर  निवासी वरिष्ठ समाजसेवी व बिजलीपुर के पूर्व प्रधान चंद्रप्रभा देवी (68) का शुक्रवार शाम  निधन हो गया। वे लम्बे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। मृत्यु की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी और शनिवार की सुबह बड़ी संख्या में लोग परिजनों से मिलने तथा शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।

चंद्रप्रभा देवी सन 2000 से 2005 तक ग्राम पंचायत बिजुलीपुर की प्रधान रहीं। स्वतंत्र भारत से लेकर आज तक उनके परिवार का इस पंचायत के नेतृत्व में लंबा योगदान रहा है ।उनके स्वसुर स्वर्गीय रघुनाथ सिंह पहले प्रधान रहे, बाद में उनके ज्येष्ठ सुनेश्वर सिंह और भतीजा स्वर्गीय अरविंद सिंह भी प्रधान रहे। वर्तमान में उनके भतीजा रिंकू सिंह प्रधान हैं। बीच में आरक्षण सीट होने पर कुछ समय के लिए अन्य लोग और एक बार उनके पट्टीदार चंदन सिंह प्रधान रहे, अन्यथा अधिकांश समय प्रधानपद पर उनके परिवार का ही दबदबा रहा।चंद्रप्रभा देवी अपने पीछे पति हृदय नारायण सिंह, दो पुत्र सोनू सिंह और छोटू सिंह सहित पूरा परिवार छोड़ कर गईं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को गंगा नदी के पंचरुखिया घाट पर संपन्न कराया गया। उनकी अंतिम इच्छा दाह संस्कार पंचरुखिया घाट पर करने की थी। मुखाग्नि पति हृदय नारायण सिंह ने दी।

क्षेत्रवासियों ने उनकी समाजसेवा और पंचायत में योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।


रिपोर्ट - मनु तिवारी

No comments