मुंडन संस्कार में गई दो सगी बहनों सहित चार की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
गड़वार(बलिया) थाना क्षेत्र के रामपुर भोज गांव निवासी अजीत चौहान की दो पुत्रियों का शिवरामपुर घाट बलिया गंगा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों व एनडीआरएफ टीम की मदद से शव को बाहर निकाला गया। रविवार की भोर में रामपुर भोज गांव निवासी अजीत चौहान की दो पुत्रियां हर्षिता चौहान (16 ) व नंदिता चौहान (10) अपने चचेरे भाई चंदन चौहान की पुत्री के मुंडन संस्कार में सम्मिलित होने के लिए पूरे परिवार के साथ शिवरामपुर घाट बलिया गर्ई थी जहां स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूब गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव को गोताखोरों ने बाहर निकाला। गांव के ही आरएल कांवेंट स्कूल में मृतका हर्षिता 10 वीं कक्षा में व नंदिता पांचवी कक्षा में इस वर्ष पढ़ रही थी। इनका आठ वर्षीय छोटा भाई भी है। मृतका के पिता अजित चौहान मकान निर्माण के ठेकेदारी का काम करते है। मृतका का चचेरा भाई चंदन चौहान जिनके पुत्री का मुंडन संस्कार था उनका ससुराल कल्यानीपुर, चिलकहर है वहां से भी लोग इस मुंडन संस्कार में सम्मिलित होने के लिए आए थे। जिसमें फेफना थाना क्षेत्र के कल्यानीपुर निवासी अरुण चौहान (20) पुत्र मोहन चौहान व गाजीपुर जनपद के महेशपुर निवासी अर्जुन चौहान (19) जो अपने मामा वशिष्ठ चौहान के घर कल्यानीपुर,फेफना में रहता था। इस घटना के बाद दोनों परिवारों पर भारी दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल काफी गमगीन हो गया।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय



No comments