मंदिर के स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने पर निकला जल कलश यात्रा का जुलूस
रेवती (बलिया) स्थानीय नगर के वार्ड नं 14 स्थित कन्हई बाबा धर्मशाला तथा बालकेश्वर धाम (मंदिर) के स्थापना के एक वर्ष पूरा होने पर श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का प्रारंभ बृहस्पतिवार को कलश यात्रा के साथ प्रारंभ किया गया। बालकेश्वर धाम से कलश हाथ में लेकर श्रद्धालु महिला/पुरुषों का झुंड दुर्गा मंदिर, बस मठिया होते हुए बस स्टैंड पर पहुंचा। वहां से विभिन्न वाहनों पर सवार होकर श्रद्धालु गण पचरुखिया मार्ग होते हुए हुकुम छपरा गंगा तट पर पहुंचे। वहां स्नानादि से निवृत्त होने के पश्चात शास्त्रोक्त विधि से पं हरीश चौबे के नेतृत्व में पंडितों के द्वारा गंगा पूजन कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश में गंगा जल भर कर अपने अपने वाहनों पर सवार होकर बस स्टैंड होते हुए यज्ञ मंडप में पहुंचे जहां गंगा जल से पूरित कलशों को यथा स्थान रखा गया। यज्ञ के आयोजक डा. शशि कान्त तिवारी ने बताया यज्ञाधीश रामभद्र करपात्री जी महाराज (बालक बाबा) एवं कथा व्यास पं हरीश चौबे, वाराणसी होंगे। आचार्य ओमप्रकाश तिवारी ने कहा वेदोपनिषदां वाराज्जाता भागवती कथा अर्थात यह श्रीमद्भागवत पुराण वेद और उपनिषद का अर्थ है। ऐसे में लोगों से आग्रह है कि भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य के भागी बनें। इस दौरान शंभू कान्त तिवारी, महावीर तिवारी आदि मौजूद रहे।
पुनीत केशरी


No comments