Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

अवैध संचालन पर कार्रवाई, निजी चिकित्सालय समेत दो अल्ट्रासाउंड सेंटर व मेडिकल दुकान सील

 





मनियर, बलिया। मनियर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के तहत एक निजी चिकित्सालय, दो अल्ट्रासाउंड सेंटर तथा एक मेडिकल दुकान को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में रविवार देर शाम की गई।

जानकारी के अनुसार, चांदूपाकड़ बड़ी मस्जिद के पास संचालित राहुल मेडिकल एंड फार्मा क्लीनिक, बड़ा पोखरा के समीप बिना बोर्ड के संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर, मनियर हॉस्पिटल के पास स्थित एक अन्य अल्ट्रासाउंड सेंटर तथा मनियर बाजार के पूरब टोला मार्ग पर स्थित एक मेडिकल दुकान को सील किया गया।

इस संबंध में थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डॉ. शैलेंद्र सिंह रावत द्वारा राहुल मेडिकल एंड फार्मा क्लीनिक के संचालक को थाने लाया गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। सील किए गए क्लीनिक से संबंधित कागजात प्राप्त करने के बाद संबंधित चिकित्सक को छोड़ दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बड़ा पोखरा के पास स्थित बिना बोर्ड वाला अल्ट्रासाउंड सेंटर पहले से बंद था। कार्रवाई के दौरान उसके संचालक को मनियर बस स्टैंड से बुलाकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह रावत ने बताया कि राहुल मेडिकल एंड फार्मा क्लीनिक संचालित करने वाले व्यक्ति के पास कोई वैध चिकित्सकीय डिग्री नहीं मिली। वहीं अन्य अल्ट्रासाउंड सेंटर एवं मेडिकल दुकान भी कथित रूप से अवैध रूप से संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि पूरे मामले की लिखित रिपोर्ट उपजिलाधिकारी बांसडीह तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलिया को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार की जाएगी।

रिपोर्ट— मनु तिवारी

No comments