किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस जांच में जुटी, आरोपों की हो रही पड़ताल: थाना प्रभारी
मनियर, बलिया। छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के आरोपी राजकमल वर्मा उर्फ मंत्री से जुड़े मामले में नया मोड़ सामने आया है। आरोप लगाने वाली किशोरी के अचानक लापता हो जाने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया है। किशोरी के पिता ने राजकमल वर्मा, उसके परिवार के कुछ सदस्यों, एक मित्र तथा अन्य अज्ञात लोगों पर अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की गई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि किशोरी सोमवार की भोर करीब तीन बजे घर से बाहर निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।
पीड़िता के पिता का आरोप है कि उनकी नाबालिग पुत्री ने पूर्व में राजकमल वर्मा उर्फ मंत्री के खिलाफ छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी पक्ष द्वारा लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था और मुकदमा वापस न लेने पर लड़की को उठा लेने तथा जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इसकी जानकारी पहले भी पुलिस को दी गई थी।
तहरीर में कहा गया है कि 19 मई की भोर में आरोपी पक्ष के लोगों ने उनकी 17 वर्षीय पुत्री का अपहरण कर लिया। परिजनों ने किशोरी की हत्या की आशंका भी जताई है और शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय कर दी गई है। वहीं, छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपी राजकमल वर्मा उर्फ मंत्री अभी भी फरार बताया जा रहा है।
रिपोर्ट मनु तिवारी


No comments