वृद्धाश्रम में डीएलएसए सचिव का औचक निरीक्षण, वृद्धजनों की समस्या सुन दिए आवश्यक निर्देश
गड़वार(बलिया) उत्तर-प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,बलिया श्री अनिल कुमार झा के कुशल मार्गदर्शन में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,बलिया के सचिव श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने वृद्धाश्रम गड़वार, बलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव श्री तिवारी ने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों से उनके रहन-सहन, खान-पान एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी वृद्धजनों से आत्मीय बातचीत कर उनकी छोटी-छोटी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर सचिव ने अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिला चिकित्साधिकारी, बलिया को पत्र भेजकर वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु चिकित्सीय शिविर आयोजित कराया जाए साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी वृद्धजन को किसी प्रकार की विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। निरीक्षण के उपरांत वृद्धाश्रम गड़वार में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,बलिया के सचिव श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की। शिविर में उपस्थित वृद्धजनों को विभिन्न विधिक अधिकारों एवं योजनाओं की जानकारी दी गई। सचिव ने विशेष रूप से ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’ के प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान अधीक्षक अजित कुमार,लेखाकार भूपेन्द्र सिंह,स्टोर कीपर तेजबहादुर, केयर टेकर मुकेश सिंह,दयाशंकर वर्मा सहित समस्त कर्मचारीगण एवं वृद्धजन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments