Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की जीभ कटी, कई लोगों पर मुकदमा दर्ज

 


मनियर (बलिया)। मनियर थाना क्षेत्र के बड़सरी जागीर गांव में सोमवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ की जीभ कटने का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार बड़सरी जागीर गांव निवासी घनश्याम चौहान (55) सोमवार की रात करीब एक बजे घायल अवस्था में मिले। बताया जा रहा है कि उनकी जीभ कटी हुई थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

जिला अस्पताल में इलाज के बाद घनश्याम को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए मनियर थाने लाया गया, लेकिन वहां से दोबारा मेडिकल परीक्षण के लिए उन्हें फिर पीएचसी मनियर और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। बताया जा रहा है कि उनके घर पर ताला बंद मिला और परिजन भी मामले में कुछ बोलने से बचते नजर आए।

घटना के समय घर पर केवल उनकी पुत्रवधू मौजूद थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर थे। ग्रामीणों में चर्चा है कि घनश्याम चौहान और उनके भाई के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस मामले में मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की पुत्रवधू की तहरीर पर तीन-चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और ग्रामीणों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि पीड़ित को आवश्यक चिकित्सा एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट : मनु तिवारी

No comments