छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के आरोपी के घर पुलिस ने चस्पा किया 82 का नोटिस, गांव में रही चर्चा
मनियर (बलिया)। मनियर थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव निवासी छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट एवं अपहरण के आरोपी के घर सोमवार की देर शाम पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 82 की कार्रवाई करते हुए मुनादी (डुगडुगी) पिटवाकर नोटिस चस्पा किया। कार्रवाई के बाद गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार एक गांव निवासी नाबालिग किशोरी के पिता ने विगत 20 अप्रैल को पिंडारी निवासी राजकमल वर्मा उर्फ कमला वर्मा उर्फ मंत्री के खिलाफ छेड़खानी एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। आरोप है कि आरोपी की ओर से पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव भी बनाया जा रहा था।
इसी बीच 19 मई को संबंधित किशोरी के अपहरण के मामले में आरोपी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया। लगातार फरार चल रहे आरोपी के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सोमवार को उसके घर पहुंचकर मुनादी कराई तथा 82 की नोटिस चस्पा की।
पुलिस ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी के न्यायालय में सरेंडर न करने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आरोपी के घर मुनादी कराकर नोटिस चस्पा किया गया है।
रिपोर्ट : मनु तिवारी


No comments