केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर गड़वार ब्लाक में लगा जनकल्याण शिविर
गड़वार(बलिया) स्थानीय विकासखंड परिसर में सोमवार को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण एवं जनजागरुकता अभियान के तहत विशाल शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के पूर्व खेलमंत्री उपेन्द्र तिवारी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उपेन्द्र तिवारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। मेले में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग,पशुपालन विभाग,पंचायती राज विभाग,स्वास्थ्य विभाग,प्रधानमंत्री आवास योजना,मुख्यमंत्री आवास योजना तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग के स्टाल प्रमुख आकर्षण रहे। संबंधित विभागों के कर्मचारियों में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि,आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मुद्रा योजना सहित विभिन्न जनकल्याण कारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है।उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी,चिकित्सा अधीक्षक राकिफ अख्तर,फेफना मंडल संयोजक टुनटुन उपाध्याय,मंडल अध्यक्ष उमेश सिंह, विजय वर्मा, बृजनाथ सिंह,पिंटू उपाध्याय,रिंकू उपाध्याय,शंभू वर्मा सहित ब्लाक के समस्त सचिव,आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments