19 स्थानों से उठी ताजिया, गम-ओ-अकीदत के बीच कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक, पुलिस व्यवस्था रही मुस्तैद
मनियर (बलिया)। मुहर्रम के अवसर पर मनियर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गम व अकीदत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ 19 स्थानों से ताजिया जुलूस निकाली गयी । निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए ताजियों का मिलान किया गया और बाद में विभिन्न कर्बलाओं में सुपुर्द-ए-खाक (दफन) किया गया। पूरे क्षेत्र में अमन-चैन और भाईचारे का माहौल रहा तथा पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया।
मनियर कस्बे में ताजियादार मोहम्मद शाहिद उर्फ घूरा के नेतृत्व में ताजिया निकली। इसके अलावा पूरब पठखौली में अयूब अंसारी, रिगवन में जमीर अंसारी उर्फ वकील अंसारी, नवका गांव में मोहम्मद इलियास, दिघेड़ा में गामाशाह, पीलूई में मोहम्मद रजा हसन एवं मोहम्मद शाहिद, असना में अब्दुल शाहिद अंसारी तथा भागीपुर में मुस्लिम अंसारी के नेतृत्व में ताजिया जुलूस निकाले गए। सभी ताजिए निर्धारित मार्गों से होते हुए चांदू पाकड़ चौराहे पर एकत्र हुए, जहां मिलान के बाद कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।वहीं छितौनी में मनौवर खां के नेतृत्व में तथा रामपुर से शेख रियाजुद्दीन, जब्बार अंसारी एवं इकराम शाह के नेतृत्व में तीन ताजिया निकली। चकफूल में अजीजुर्रहमान तथा रसूलपुर में भोला शेख के नेतृत्व में निकली ताजियों को चोरकैंड स्थित ननकुली सिंह के भट्ठा के पास बने कर्बला में दफन किया गया। इसी क्रम में बड़ागांव से दो ताजिया निकलीं, जिनमें एक का नेतृत्व खुर्शीद अंसारी तथा दूसरी का नेतृत्व हसन मेहंदी ने किया। दोनों ताजियों को बड़ागांव-जिगिड़सर मार्ग स्थित कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुरुषोत्तम पट्टी में बिस्मिल्लाह अंसारी तथा निपनिया में सफीउल्लाह अंसारी के नेतृत्व में निकली ताजियों को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर कर्बला में दफन किया गया।
मुहर्रम के मद्देनजर सभी प्रमुख ताजिया जुलूसों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मनियर थाना प्रभारी स्वयं पुलिस टीम के साथ पूरे क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।
रिपोर्ट - मनु तिवारी


No comments