Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

शहीद अमित तिवारी का 16वां शहादत दिवस: श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री ने की बस संचालन की घोषणा

 



दुबहर (बलिया)। क्षेत्र के किशुनीपुर स्थित तिवारी टोला में रविवार को शहीद अमित तिवारी का 16वां शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों तथा क्षेत्र के लोगों ने शहीद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इसके बाद उपस्थित लोगों ने शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

इस दौरान 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महाराजगंज से आए सहायक कमांडेंट जितेंद्र कुमार शर्मा, मुख्य आरक्षी दिनकर कुमार मिश्रा, आरक्षी अखिलेश कनौजिया तथा गुंजन कुमार की उपस्थिति में मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शहीद के माता-पिता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में दयाशंकर सिंह ने कहा कि शहीद अमित तिवारी ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देकर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। ऐसे वीर सपूतों के त्याग और बलिदान से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि शहीद के नाम पर प्रवेश द्वार और पक्की सड़क का निर्माण करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने घोषणा की कि राम सिहासन किसान इंटर कॉलेज, दुबहर से शहीद अमित तिवारी के नाम पर लखनऊ अथवा कानपुर के लिए एक बस का संचालन कराया जाएगा, ताकि युवाओं में देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल हो सके।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमित दुबे ने कहा कि जिस गांव और जिन माता-पिता ने अमित तिवारी जैसे वीर सपूत को जन्म दिया, वे वास्तव में धन्य हैं। उनका बलिदान सदैव युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। गौरतलब है कि 26 जुलाई 2010 को असम के बोगाई गांव में गश्त के दौरान उल्फा उग्रवादियों से हुई मुठभेड़ में शहीद अमित तिवारी ने अदम्य वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नारद राय, प्रेरक गुप्ता, हर्ष नारायण सिंह, अरुण सिंह, वरुण सिंह, कमलेश पांडे, भरत सिंह, गिरिजा शंकर पांडे पप्पू, उपेंद्र पांडे, सुरेश ओझा, नमो नारायण तिवारी, पूर्व प्रधान अमरनाथ गिरी, दीपक तिवारी, नमन तिवारी, त्र्यंबक पांडे, अक्षय यादव नंदलाल यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नितेश पाठक ने किया, जबकि अंत में शहीद के पिता शोकहरण तिवारी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी

No comments