मछली पकड़ने गए युवक की तालाब में डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
गड़वार(बलिया) स्थानीय थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव में रविवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब मछली मार रहे युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव निवासी दीपक राजभर (25)पुत्र स्व.छोटेलाल राजभर मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। रविवार की सुबह गांव के पश्चिम हनुमान मंदिर के समीप तालाब में जाल डालकर कुछ लोग मछली पकड़ रहे थे। दीपक भी तालाब में मछली पकड़ने के गया था। मछली पकड़ते समय गहरे पानी में चला गया। तालाब के किनारे खड़े लोग अभी कुछ समझ पाते तब तक वह गहरे पानी में समा गया। खबर मिलते ही बदहवाश परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे पानी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतसर ले गए,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दीपक की मां बुचिया देवी का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक दीपक अविवाहित था। दो भाइयों में वह छोटा था। गड़वार थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रिपोर्ट : डी.पांडेय


No comments