आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
गड़वार(बलिया) स्थानीय थाना क्षेत्र के लारपुर गांव में रविवार की दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 66 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार लारपुर निवासी विजय गोंड (66 वर्ष) अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी के लिए ट्यूबवेल चलाकर मेड़बंदी कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर खेत में ही गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों और स्वजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गड़वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है,जबकि गांव में मातम का माहौल है। बारिश के दौरान खेत में काम कर रहे किसानों के लिए यह हादसा एक बार फिर सतर्क रहने की चेतावनी बनकर सामने आया।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments