आसमान से बरसी मौत,दो सगे भाइयों पर गिरी आकाशीय बिजली,बड़े भाई की मौत,छोटे की हालत गंभीर,खेत में कर रहे थे काम
गड़वार(बलिया) स्थानीय थाना क्षेत्र के बभनौली ग्राम सभा के धर्मनपुर पुरवा में बुधवार की दोपहर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो सगे भाई बुरी तरह से झुलस गए।आनन फानन में मौके पर पहुंचे परिजनों ने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों भाइयों को सीएचसी रतसर ले गए,जहां चिकित्सकों ने एक भाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे भाई का इलाज चल रहा है। बभनौली गांव के धर्मनपुर पुरवा निवासी स्व.सूचित राम के दो पुत्र मुख्तार राम (56) वर्ष व अवधेश राम (45)वर्ष बुधवार की सुबह गांव के ही एक काश्तकार के खेत में काम कर रहे थे।इसी बीच दोपहर में दोनों भाई खेत से सटे एक पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने लगे। तभी दोपहर में अचानक गरज व तड़प के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई।जिसकी चपेट में दोनों भाई आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।अगल बगल के खेतों में काम कर रहे किसान भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजनों सहित ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धनशेर वर्मा,पूर्व प्रधान राजेश बिंद सहित तमाम लोग पहुंच गए और इलाज के लिए दोनों भाइयों को रतसर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया।जहां गंभीर रूप से झुलसे बड़े भाई मुख्तार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक मुख्तार राम मजदूरी करके किसी तरह से अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।इनकी पांच पुत्रियां व एक पुत्र हैं।पत्नी तेतरी देवी सहित सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। इस घटना से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय



No comments