Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

विरोध के अशंका के कारण घोंघा चट्टी पर देशी शराब की दुकान पर दूसरे दिन भी भारी पुलिस बल तैनात, घेराबंदी के बीच खुली दुकान

 


मनियर (बलिया)। क्षेत्र के घोंघा चट्टी स्थित देशी शराब की दुकान पर गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी भारी संख्या में महिला पुलिस बल व प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुकान का संचालन कराया। हालांकि, दिनभर किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन या अप्रिय घटना सामने नहीं आई।गांव के इर्द गिर्द भी पुलिस अपना डेरा जमायी हुई थी। 

गौरतलब हो कि करीब एक सप्ताह पूर्व घोंघा चट्टी पर देशी शराब की नई दुकान खोले जाने के बाद देवरार गांव की महिलाओं ने इसका जोरदार विरोध किया था। महिलाओं ने दुकान पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ भी की थी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने दुकान का संचालन अस्थायी रूप से बंद करा दिया था।इसके बाद उपजिलाधिकारी बांसडीह पुष्कर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा, मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी तथा आबकारी विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से देवरार गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और दुकान के संचालन में सहयोग करने की अपील की। हालांकि बैठक के दौरान महिलाओं ने स्पष्ट रूप से दुकान खोले जाने का विरोध किया। उनका कहना था कि बाजार आने-जाने वाली महिलाओं, छात्राओं और स्थानीय लोगों को शराब की दुकान से असुविधा एवं सामाजिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि दुकान खुलने पर उनका विरोध जारी रहेगा।

इसके बावजूद बुधवार को प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दुकान का संचालन शुरू कराया। उस दिन किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ। गुरुवार को भी दूसरे दिन भारी पुलिस बल की निगरानी में दुकान खुली रही। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए।


रिपोर्ट - मनु तिवारी

No comments