हत्या से नही, विद्युत स्पर्शाघात से हुई ई - रिक्शा चालक की मौत
रेवती (बलिया) नगर के वार्ड नंबर सात निवासी 40 वर्षीय महाराणा प्रताप माली की मौत हत्या नहीं है। उसकी मौत विद्युत स्पर्शाघात से हुई थी।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उक्त खुलासा पीएम रिपोर्ट से हुआ है। बताया कि स्वजन जानकारी होने के बाद शव को सीएचसी रेवती भी लेकर गए थे। जहां डाक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने पर शव को घर लेकर चले आए और पुलिस को घटना से अवगत कराया। महाराणा प्रताप के सोने वाले दुकान के कमरे में टेबल फैन के लटके हुए विद्युत तार के करेंट के स्पर्शाघात से मौत प्रतीत हो रही थी। लेकिन स्वजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने से मामला बढ़ गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। गायब मोबाइल का सर्विलांस से पता चल जाएगा। कंधे के पीछे, पीठ,सिर तथा नाक पर सामान्य चोट का कारण विद्युत स्पर्शाघात है। मृतक का छोटा भाई अभिमन्यु अभी बाहर है उसके देर सायं तक रेवती आने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
महाराणा प्रताप रविवार की रात डाउन इन्टरसिटी ट्रेन से स्टेशन पर आए सवारी को ई - रिक्शा से उतारने के बाद रात लगभग 11 बजे घर के समीप ई - रिक्शा खड़ी कर वार्ड नंबर 7 स्थित पुराने घर खाना खाने गया। इसके बाद कुछ दूर वार्ड नंबर 5 स्थित नई दुकान जहां हमेशा सोता था,सोने चला गया। अभी दुकान के अंदर से सटकनी लगाए बिना सोने के प्रयास कर रहा था। इसी बीच टेबल पर रखे टेबल फैन के तार के करंट के स्पर्शाघात से उसकी रात में ही मौत हो गई। सोमवार की सुबह करीब 4 बजे उसके मामा का लड़का प्रदीप पूजा वास्ते अगरबत्ती लाने दुकान पर पहुंचा तो महाराणा प्रताप को अंदर अचेत देख कर शोर मचाया तथा स्वजनों को सूचना दी।
पुनीत केशरी


No comments