निजी विद्यालयों की समस्याओं को लेकर 11 सूत्रीय मांग-पत्र सांसद रमाशंकर राजभर को सौंपा।
मनियर, बलिया। राष्ट्रीय विद्यालय प्रबंधक संघ की ओर से उत्तर प्रदेश के निजी विद्यालयों एवं विद्यालय प्रबंधकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर 11 सूत्रीय मांग-पत्र सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमाशंकर राजभर उर्फ विद्यार्थी को सौंपा गया। संघ ने सांसद से मांगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत कर प्रभावी पैरवी करने का अनुरोध किया।ज्ञापन में निजी विद्यालयों के संचालन में आ रही विभागीय एवं प्रशासनिक कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए उन्हें व्यवहारिक रूप से दूर करने की मांग की गई है। संघ की प्रमुख मांगों में 15 मीटर से कम ऊंचाई वाले विद्यालय भवनों के लिए फायर एनओसी की अनिवार्यता समाप्त करने, नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी को U-DISE में शामिल करने तथा विद्यालयों को विद्यार्थियों के प्रवेश एवं विवरण संशोधन का अधिकार देने की मांग शामिल है।इसके अलावा निजी विद्यालय प्रबंधकों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, नियमित रूप से संचालित विद्यालयों को बिना अनावश्यक औपचारिकताओं के स्थायी मान्यता, विद्यालय वाहनों के लिए परिवहन नियमों में व्यवहारिक छूट तथा नवीन मान्यता में खेल मैदान एवं 30 फीट सड़क संबंधी मानकों में संशोधन की मांग की गई है।
ज्ञापन में सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर U-DISE कोड देने, APAAR ID बनाने की अनिवार्यता विद्यालयों से हटाकर अभिभावकों को देने, बीएसए कार्यालय में हस्ताक्षर सत्यापन प्रक्रिया सरल करने और विद्यालय प्रबंधकों को सत्यापन की सुविधा देने की मांग भी रखी गई।
संघ ने RTE के तहत प्रतिपूर्ति राशि 450 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह करने तथा 12 माह के आधार पर समयबद्ध भुगतान की मांग की है। साथ ही हाईस्कूल-इंटरमीडिएट मान्यता के भूमि संबंधी मानकों की पुनर्समीक्षा और विद्यालयों पर Commercial के स्थान पर Domestic विद्युत दर लागू करने के साथ सोलर प्लांट पर 75 प्रतिशत सब्सिडी देने की मांग भी की गई है।संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गोस्वामी गौरव भारती ने सांसद से निजी विद्यालयों एवं विद्यालय प्रबंधकों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने की अपील की। सांसद रमाशंकर राजभर उर्फ विद्यार्थी ने मांग-पत्र को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में संतोष कुमार उपाध्याय, राजेश सोनी, जय प्रकाश यादव, संजय चौहान, कामता यादव, उमेश यादव, श्याम नारायण पांडेय सहित इत्यादि लोग रहे।
रिपोर्ट - मनु तिवारी


No comments