Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

कल होगा भृगु कॉरिडोर का शिलान्यास, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह रखेंगे आधारशिला



पहले चरण में 50 करोड़ का बजट, मंदिर परिसर के विकास पर खर्च होंगे 100 करोड़ रुपये

बलिया। जनपदवासियों के लंबे इंतजार के बाद बहुप्रतीक्षित भृगु कॉरिडोर परियोजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह रविवार को सुबह 11 बजे महर्षि भृगु मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। परियोजना को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मार्च में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी थी। भृगु कॉरिडोर के प्रथम चरण के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुसार, महर्षि भृगु मंदिर के संपूर्ण निर्माण और विकास पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को दो चरणों में पूरा करने की योजना है।

प्रथम चरण में मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार बनाने के साथ परिसर के विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों पर 10 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इसके बाद दूसरे चरण के कार्य भी शुरू किए जाएंगे।

कॉरिडोर के निर्माण से महर्षि भृगु मंदिर परिसर का विस्तार होने के साथ व्यापक स्तर पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौड़े रास्ते, व्यवस्थित गलियारे और आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

भृगु कॉरिडोर के पूरा होने के बाद महर्षि भृगु मंदिर को नया और आकर्षक स्वरूप मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह परियोजना बलिया की धार्मिक और पर्यटन पहचान को नई मजबूती दे सकती है। कॉरिडोर के निर्माण से जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर गतिविधियां बढ़ने की भी उम्मीद है।


रिपोर्ट त्र्यंबक पांडे गांधी

No comments